UP News:नगर निकाय चुनाव की सरगर्मियों के बीच समाजवादी पार्टी को तगड़ा झटका लगा है। सपा के वरिष्ठ नेता पूर्व राज्यमंत्री हेमराज वर्मा भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। सपा के हेमराज वर्मा सहित कई नेता बुधवार को भाजपा में शामिल हो गए। उन्हें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी की सदस्यता दिलाई। यूपी निकाय चुनाव में भाजपा की जीत की संभावनाओं को देखते हुए बड़ी संख्या में सपा और कांग्रेस नेताओं का भाजपा में शामिल होना जारी है।
समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व विधायक हेमराज वर्मा भाजपा में शामिल हो गए। लखनऊ स्थित भाजपा कार्यालय में पार्टी प्रदेशाध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी के समक्ष पूर्व राज्यमंत्री हेमराज वर्मा ने भाजपा में शामिल होने की घोषणा की। जिसके बाद उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई गई।
पूर्व सपा विधायक के साथ ही उन्नाव के गंज मुरादाबाद की ब्लॉक प्रमुख संध्या पटेल और राज्य महिला आयोग की पूर्व सदस्य शीला सिंह ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
पूर्व राज्य मंत्री हेमराज वर्मा ने विधानसभा चुनाव के बाद समाजवादी पार्टी से दूरी बनाना शुरू कर दिया था। तराई के जिला के मरौरी विकास खंड के ग्राम टाह पौटा के प्रधान पद का चुनाव जीतकर राजनीति में प्रवेश किया था। पहले वह बहुजन समाज पार्टी में शामिल हुए थे। जिसके बाद उन्होंने समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया था। वह सबसे पहले बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। जिसके बाद अखिलेश यादव सरकार में उन्हें राज्य मंत्री बनाया गया था।