Mawana News | 22 rounds of firing after a dispute in Mawana: a fight broke out over drain water in the field, the condition of the farmer is critical
मेरठ जिले के एक गांव में खेत में नाली के विवाद में दो पक्षों में जमकर विवाद हुआ और 22 राउंड फायरिंग हुई। थाना परीक्षितगढ़ के पूठी गांव की ये घटना है। जानकारी के अनुसार पूठी निवासी धर्मेंद्र और मनीष त्यागी के बीच वारदात हुई है। फायरिंग में घायल मनीष त्यागी के बड़े भाई बबलू ने बताया कि मनीष खेत में काम कर रहा था। तभी दूसरे पक्ष से धर्मेंद्र ने खेत में पानी आने पर झगड़ा कर लिया।
दोनों में इसी बात को लेकर विवाद बढ़ता चला गया। विवाद इतना बढ़ा कि धर्मेंद्र पक्ष की तरफ से मनीष पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। बबलू ने बताया कि धर्मेंद्र ने उसके भाई पर ट्रैक्टर पर चढ़कर 22 राउंड फायर झोंक दिए। 2 गोली मनीष त्यागी को लगी भी हैं। मनीष त्यागी आईसीयू में भर्ती है। मनीष की हालत गंभीर बनी है। गांव में एक के बाद एक हुई फायरिंग से दहशत का माहौल बना है। वहीं मौके पर पुलिस जांच कर रही है।
खेत में पानी जाने पर हुआ विवाद
ग्रामीणों ने बताया कि बुधवार सुबह मनीष त्यागी अपने धान के खेत में पानी लगा रहा था। मनीष के खेत के बगल में ही धर्मेंद्र का खेत है। धर्मेंद्र के खेत में उस समय मां सब्दो, भाई जितेंद्र, धर्मेंद्र का बेटा राजा खड़ा था। मनीष के खेत का पानी आने पर धर्मेंद्र भड़कने लगा। इसी बात पर दोनों में कहासुनी और हाथापाई हो गई। खेत पर दोनों पक्षों को लोगों ने शांत करा दिया। इसके बाद दोनों पक्ष अलग हो गए।
ट्रैक्टर पर घर जाते वक्त मारी गोली
खेत पर मामला शांत होने के बाद मनीष त्यागी ट्रेक्टर से अपने घर जाने लगा। तभी रास्ते में 5 लोग अचानक आए और फायरिंग कर दी। 2 तमंचों और रायफल से मनीष पर फायर किए गए। घायल मनीष त्यागी के बड़े भाई ने बताया कि 22 राउंड फायरिंग की गई है। इसमें 2 गोली मनीष को लगी है। गोली मारकर आरोपी भाग गए। गोली लगने की सूचना पर परिजन मोके पर पहुचे। घायल को मेरठ के आनंद अस्पताल में इलाज के लिए लाए हैं। जहां हालत गंभीर है। बताया जा रहा है कि मनीष को 2 गोलियां लगी है।
परीक्षितगढ़ थाना प्रभारी के अनुसार अभी तहरीर नहीं मिली है। दो पक्षों में खेत में पानी जाने के मसले पर विवाद हुआ था। फिलहाल आरोपी पक्ष से धर्मेंद्र उसके बेटों को हिरासत में लिया है।