[जाने] गन्ना मिल कब तक चलेगा 2021?, मवाना मिल नवंबर के पहले हफ्ते शुरू करेगी गन्ना पेराई
गन्ना मिल कब तक चलेगा 2021?, मवाना मिल नवंबर के पहले हफ्ते शुरू करेगी गन्ना पेराई:- सरकार का आदेश है कि प्रदेश की सभी चीनी मिलें अपना नया पेराई सत्र 25 अक्तूबर तक अवश्य शुरू कर दें। इसके लिए दो दिन पहले गन्ना आयुक्त संजय भूसरेड्डी ने सभी डीएम को पत्र लिखकर शासन की मंशा से अवगत करा दिया है। उधर, सभी मिलों के प्रबंधन अभी गन्ने की चीनी का कम परता (रिकवरी) आने के कारण गन्ना पेराई नवंबर माह के प्रथम सप्ताह से शुरू करना चाहते हैं। मवाना शुगर मिल ने पेराई सत्र शुरू करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं लेकिन मवाना मिल प्रबंधन नवंबर के पहले हफ्ते में ही गन्ना पेराई शुरू करना चाहता है।
मवाना शुगर वर्क्स समेत प्रदेश के सभी चीनी मिलों के अफसर खेतों पर जाकर गन्ने की रस की जांच कर रहे हैं कि इस समय गन्ने में चीनी का परता क्या मिलेगी। सर्वे और जांच के बाद मिल अफसर कहते हैं कि अभी गन्ने से सात फीसदी की रिकवरी मिल सकती है। यह रिकवरी 20 दिनों में बढ़कर आठ-नौ प्रतिशत तक हो सकती है। यदि अब बारिश नहीं हुई तो रिकवरी बढ़ जायेगी। रात का तापमान और कम होगा तो भी गन्ने की रिकवरी में बढ़ोतरी संभव है।
मवाना मिल प्रबंधन गन्ने की रिकवरी नौ फीसदी तक होने के बाद ही पेराई सत्र शुरू करना चाहता है। मिल के सहायक महाप्रबंधक गन्ना बीरेन्द्र कुमार ने कहा कि उन्होंने पेराई सत्र की तैयारियां शुरू कर दी हैं। मवाना शुगर मिल प्लांट पूरी तरह से पेराई के लिए तैयार हो चुका है। मवाना मिल के 156 में से 70 गन्ना खरीद केन्द्र स्थापित हो चुक हैं। बाकी इसी माह के अंत तक लगा दिए जाएंगे। पिछले वर्ष मवाना चीनी मिल ने चार नवंबर से पेराई शुरू की थी। इस वर्ष चार नवंबर को दीपावली पर्व है।
दस बड़े गन्ना क्रय केन्द्र बनाए
मवाना मिल ने अपने क्षेत्र में दस बड़े गन्ना क्रय केन्द्र स्थापित किए हैं, जहां पर बारिश होने के बावजूद भी गन्ना तुलाई का काम प्रभावित नहीं होगा। ऐसी स्थिति में आसपास के क्रय केन्द्रों का भी गन्ना बड़े क्रय केन्द्रों पर तौला जा सकेगा। इन सभी केन्द्रों को पक्का कर दिया गया है। एजीएम गन्ना बीरेन्द्र ने जानकारी दी कि मवाना मिल ने मवाना खुर्द, पिलौना, निलोहा, बढ़ला 12 ए, धनपुरा, इकवारा, बस्तौरा, धनपुर, कौल, इंचौली बी को बड़ा गन्ना क्रय केन्द्र बनाया गया है।