Hindi News | शहादत को न्यूज़ ज़ोन का नमन: मेरठ पहुंचा शहीद अभिनव चौधरी का पार्थिव शरीर
मेरठ: पंजाब में एक विमान हादसे में शहीद हुए अभिनव चौधरी का पार्थिव शरीर शनिवार सुबह उनके गंगासागर आवास पर पहुंच चुका है। बताया गया कि यहां से उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पुसार ले जाया जाएगा। यहीं पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
भारतीय वायुसेना में स्क्वाड्रन लीडर रहे मेरठ के अभिनव चौधरी का पार्थिव शरीर शनिवार सुबह करीब नौ बजे मेरठ के गंगा नगर स्थित गंगा सागर कॉलोनी में उनके घर पहुंचा। पार्थिव शरीर को देखते ही पूरी कॉलोनी के साथ गंगानगर के आसपास के लोग भी घर तक पहुंच गए। परिवार में जहां रोना शुरू हुआ वही बाहर भी खड़े लोगों का दिल जोर-जोर से धड़का और आंसुओं के सैलाब आंखों से बह चलें। वायु सेना की टीम ने परिवार के साथ ही करीबी रिश्तेदारों व अन्य लोगों को भी घर में अंतिम दर्शन कराया। अंतिम दर्शन के दौरान शहीद अभिनव के कुछ स्वजनों की तबीयत भी बिगड़ गई। ताऊ को चक्कर आ गया और ताई भी बेसुध होकर पड़ गई। पिता सत्येंद्र चौधरी, माता सत्य, बहन मुद्रिका और पत्नी सोनिका का रो रो कर बुरा हाल था। पिता को संभालते हुए अभिनव की बहन मुद्रिका व सोनिका की छोटी बहन मोनिका उनके आसपास ही रहे।
शहीद अभिनव के अंतिम दर्शन कर निकलते हुए लोगों के आंखों में आंसू और चेहरे पर भारी मन का भाव साफ दिखाई दे रहा था।अंतिम दर्शन के लिए पहुंची आसपास की महिलाओं ने कहा कि ऐसा भी कभी होगा यह किसी ने नहीं सोचा था। अभिनव कोई निशानी भी ना छोड़ गया। परिवार आगे बढ़ाने वाला भी कोई नहीं रहा। दरअसल महिलाओं में यह चर्चा इसलिए भी थी कि 17 महीने की शादी में अभिनव और पत्नी सोनिका पिछले सितंबर से अब तक ही साथ रहे थे। संभव है कि जीवन में उनकी कुछ अलग योजनाएं रही होंगी। अभिनव के अभी कोई कोई संतान नहीं है। महिलाओं में यह चर्चा इसलिए भी ज्यादा दिखी कि उनके आंखों के सामने पाला बढ़ा नौजवान बिना किसी निशानी के आगे बढ़ गया।
Web Title: Hindi News Martyrdom pays tribute to news zone: mortal body of martyr Abhinav Chaudhary reached Meerut